मनाली (कुल्लू)। कोरम पूरा नहीं होने के कारण नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष का चुनाव टल गया है। सात पार्षदों में से चार ही बैठक में उपस्थित हुए जबकि तीन नदारद रहे। अब चुनाव के लिए एसडीएम ने 26 अक्तूबर को फिर बैठक बुलाई है। इसमें बहुमत के आधार पर अध्यक्ष पद का चयन किया जाएगा।
नगर परिषद के अध्यक्ष पर भाजपा नगर निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक चमन कपूर काबिज थे। पार्षदों की नाराजगी उन्हें महंगी पड़ी। तीन भाजपा समर्थित और एक कांग्रेस समर्थित पार्षद ने अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें अध्यक्ष पद की कुर्सी से उतार दिया। 25 सितंबर को बुलाई बैठक में अविश्वास प्रस्ताव पारित होने से अध्यक्ष पद की कुर्सी खाली चल रही है।
वीरवार को अध्यक्ष के चयन के लिए चुनाव होने थे। नगर निकाय अधिनियम के तहत कोरम पूरा होने पर ही चुनाव प्रक्रिया होनी थी। इसके लिए बैठक में पांच पार्षदों का उपस्थित होना जरूरी था। सुबह 11:00 बजे रखी बैठक में चार पार्षदों मनोज लारजे, चंद्रा पदान, कल्पना ठाकुर और सुनीता शर्मा उपस्थित रहे। चमन कपूर और नवीन तनवर नगर परिषद कार्यालय आए थे लेकिन बैठक में उपस्थित नहीं हुए। दोनों कार्यालय के परिसर में ही दिखे। पार्षद ललिता ने बैठक से किनारा किया। एसडीएम रमण कुमार शर्मा ने बताया कि कोरम पूरा नहीं होने के कारण चुनाव नहीं हो सके। अब 26 अक्तूबर को फिर बैठक बुलाई गई है।
....
बैठक से बाहर निकलने पर चार पार्षदों का सम्मान
चुनाव के लिए बुलाई बैठक में अध्यक्ष पद का चयन भले ही नहीं हुआ लेकिन, बैठक में उपस्थित चार पार्षद बाहर निकले तो उनका जोरदार स्वागत किया। लोगों ने उन्हें खतक पहनाकर सम्मानित किया। इसे देख मौजूद लोग हक्के बक्के रह गए।
....
अब विधायक के निर्णय पर टिकी नजरें
26 अक्तूबर को होने वाले चुनाव में विधायक के निर्णय पर नजरें टिकी हुई हैं। नियमानुसार वह भी चुनाव में हिस्सा लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। ऐसे में यदि वह वोट देने पहुंचे तो दोनों ही खेमों का अंक गणित बिगड़ सकता है।
000