कुल्लू की अस्थायी मार्केट में जुटी भीड़, बर्तन बाजार में दिनभर हुई खरीदारी
ग्राहक उमड़ते देख व्यापारी खुश, दिवाली पर बेहतर कारोबार की आस
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। दशहरा उत्सव के बाद वीरवार को अस्थायी मार्केट में खूब रौनक रही। पुष्य नक्षत्र के अवसर पर लोगों ने सामान की खूब खरीदारी की। ढालपुर के सरस मेले में भी भीड़ उमडी। स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल में लोगों ने सामान खरीदा। यहां आए लोगों ने पारंपरिक पकवानों का स्वाद भी चखा।
अस्थायी मार्केट में सुबह 9:00 बजे से खरीदारी का सिलसिला शुरू हुआ। बर्तन वाली मार्केट में लोगों ने कांसे के बर्तन भी खरीदे। मीना मार्केट में सामान की खूब खरीदारी हुई। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से लोग सामान की खरीदारी के लिए अस्थायी मार्केट पहुंच रहे हैं। दशहरा के दौरान लोगों ने देवी-देवताओं के देवमिलन और दशहरा उत्सव का लुत्फ उठाया। अब लोग सामान की खरीदारी के लिए आ रहे हैं। सेब और सब्जियों के सीजन से हुई कमाई का कुछ प्रतिशत हिस्सा अब ग्रामीण अस्थायी मार्केट में खरीदारी पर खर्च कर रहे हैं।
लगघाटी के चेत राम प्रभाकर और अजय ने कहा कि पुष्य नक्षत्र का मौका खरीदारी के लिए खास होता है। इस दौरान स्वर्ण आभूषण, वाहन, जमीन या घर खरीदना बेहद लाभकारी माना जाता है। दूसरी ओर दुकानों में उमड़ी ग्राहकों की भीड़ को देखकर व्यापारी खुश हैं। व्यापारियों को दिवाली तक इसी तरह की भीड़ रहने की उम्मीद है।
व्यापार मंडल कुल्लू के मुख्य संरक्षक दिनेश सेन ने कहा कि व्यापारियों के लिए यह दिन काफी फायदेमंद रहता है। अखाड़ा बाजार, लोअर ढालपुर सहित ढालपुर की अस्थायी मार्केट की दुकानों में वीरवार को अच्छी खरीदारी हुई है। संवाद