न्यूली (कुल्लू)। जिले में साल 2023 में आई आपदा से बंद पड़ी सड़कों को लोक निर्माण विभाग दुरुस्त नहीं कर पाया है। आठ महीने से सैंज की न्यूली-शैंशर सड़क बहाल न होने के कारण बस सुविधा भी बंद पड़ी है। इस कारण पांच पंचायतों के ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत देहुरीधार, शैंशर, गाड़ापारली, शांघड़, सुचैहण के लोग निगम की बस सुविधा के लिए तरस गए हैं। ग्रामीणों को 24 किलोमीटर दूर सैंज जाने के लिए पैदल चलकर सिंहण में छोटी गाड़ियां पकड़नी पड़ रही हैं। पहले लोगों को अपर तलाहरा से सिंहण तक तीन किलोमीटर का सफर पैदल करना पड़ रहा है।
सैंज पहुंचने के लिए छोटी गाड़ियों का सहारा लेना पड़ता है। न्यूली से आठ किलोमीटर दूर मनु ऋषि मंदिर के पास 100 मीटर लंबे क्षेत्र में भूस्खलन हुआ है। इससे सड़क टूट गई है और अभी तक डंगे नहीं लगे हैं। मनु ऋषि मंदिर से एक किलोमीटर दूर रूआड़ में 30 मीटर डंगा लगना है। सिंहण से कुछ दूरी पर भूस्खलन हुआ है। एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने कहा कि इस संबंध में जल्द ही लोक निर्माण विभाग और एचआरटीसी से रिपोर्ट ली जाएगी।
...
विभाग की ओर से सैंज से न्यूली तक सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चकाचक किया जा रहा है। न्यूली से शैंशर तक सड़क को दुरुस्त किया जाएगा। सड़क को सुधारने के लिए भी विभाग टेंडर करवाएगा।
-विनय हाजरी अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग बंजार
...
न्यूली-शैंशर सड़क में एचआरटीसी की नियमित बस न चलने से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। लोग बस में 50 रुपये किराया देकर सैंज बाजार पहुंचते थे। अब लोगों को टैक्सियों में 100 रुपये देकर सैंज पहुंचना पड़ रहा है। निगम की बस सेवा को फिर शुरू किया जाए।
-भगत राम, पंचायत प्रधान देहुरीधार, सैंज, कुल्लू
...
आपदा के बाद अब भले ही सड़क में वाहन दौड़ना शुरू हो गए हैं, लेकिन सड़कों की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। अगर लोक निर्माण विभाग ने सड़क को दुरुस्त करने में तेजी दिखाई तो ग्रामीणों को निगम की बस सेवा से वंचित नहीं होना पड़ता। सड़क को विभाग दुरुस्त करे।
-किशन ठाकुर, वार्ड पंच बजाहरा, सैंज, कुल्लू
000