सैंज (कुल्लू)। पार्वती जलविद्युत परियोजना चरण-तीन में रोजगार के मुद्दे पर शुक्रवार को लारजी पंचायत ने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। सैकड़ों ग्रामीणों ने बिहाली में विशाल रैली निकाली और परियोजना प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने लारजी पंचायत की प्रधान कांता महंत के नेतृत्व में हल्ला बोला। बिहाली गांव से एनएचपीसी कार्यालय तक ढोल-नगाड़ों की थाप पर ग्रामीणों ने रैली निकाली। पंचायत की प्रधान के साथ पूरी पंचायत के अन्य जनप्रतिनिधि अनशन पर बैठ गए हैं। इस दौरान पार्वती प्रोजेक्ट प्रबंधन की ओर से वार्ता के लिए कोई भी अधिकारी नहीं आया। ग्रामीणों ने लारजी पंचायत के साथ एनएचपीसी गो बैक, रोजगार दो, वरना कुर्सी छोड़ दो आदि नारे लगाए। लेकिन पंचायत प्रतिनिधियों ने एनएचपीसी को चेतावनी दी है कि वह रोजगार लेकर ही दम लेंगे। पंचायत प्रधान कांता महंत ने कहा कि इस बार ग्राम पंचायत लारजी एनएचपीसी के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ने के मूड में है। उन्होंने कहा कि जब तक एनएचपीसी प्रबंधन स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार मुहैया नहीं करवाती है तब तक अनशन चलता रहेगा। ग्रामीणों ने कहा कि अनशन क्रमिक रूप से अनिश्चित काल तक चलता रहेगा। पंचायत प्रधान ने कहा कि एनएचपीसी में ऊंची पहुंच वालों को लाभ मिल रहा है। परियोजना प्रबंधन पिछले दरवाजे से बाहरी लोगों को रोजगार बांट रहा है। स्थानीय लोग रोजगार के लिए आवेदन करते हैं तो प्रबंधन नो वैकेंसी का हवाला देकर उन्हें नहीं रखता है। पंचायत प्रधान ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता तब तक वे बिहाली स्थित एनएचपीसी कार्यालय के बाहर धरने पर डटे रहेंगे। पंचायत लारजी के इस आंदोलन को आसपास की पंचायतों तथा कई संगठनों का भी साथ मिला है। आंदोलन में सैकड़ों लोग भूखे-प्यासे रोजगार को लेकर बिहाली में डटे रहे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत कनौन की प्रधान किरणा ठाकुर, गोपालपुर पंचायत के प्रधान राज कुमार, बंजार भाजपा के पूर्व महामंत्री मोती राम ठाकुर, भाजपा शक्ति केंद्र के पूर्व अध्यक्ष तापे राम ठाकुर, सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा, संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष महेश शर्मा, किसान सभा राज्य उपाध्यक्ष नारायण चौहान, बंजार किसान सभा अध्यक्ष शेर सिंह नेगी, किसान नेता रवि कुमार, युवा नेता घनश्याम शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।