बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत खाडागाड़ ने सराज वनमंडल को वन नियमों के अनुरूप पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए एक प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव में पार्किंग, शौचालय और वेंडिंग जोन की स्थापना, जिभी में प्रस्तावित वन विहार को पर्यटन गतिविधियों के लिए विकसित करने, घियागी स्थित पुष्प-भद्रा संगम और सुल्हानु जलप्रपात पर मूलभूत सुविधाओं के विकास की मांग की है।
ग्राम पंचायत खाडागाड़ की प्रधान सुशीला देवी ने कहा कि पर्यटन विकास केवल वन विभाग के नियमों और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए ही किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं और समुदाय के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना, प्राकृतिक धरोहर का संरक्षण करना है। वन विभाग और स्थानीय समुदाय के संयुक्त प्रयासों से ऐसा आदर्श मॉडल विकसित किया जा सकता है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय आजीविका और पर्यटन का संतुलित विकास सुनिश्चित हो। संवाद