लारजी/सैंज (कुल्लू)। सैंज घाटी के ढाका खेल स्टेडियम में रविवार को ओपन क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन ढाका स्पोर्ट्स कमेटी के प्रधान चुनी सागर ने किया। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में 64 टीमें भाग ले रही हैं। पहला मुकाबला ग्रीन वैली सैंज और मझाण के बीच खेला गया। इसमें ग्रीन वैली सैंज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मझाण को 60 रनों से हराया।
चुनी सागर ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित करना और उन्हें नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखना है। साथ ही प्रतियोगिता से प्राप्त आय को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कार्यों में खर्च किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1,51,111 रुपये और उपविजेता को 75,111 रुपये नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को 3,100 रुपये, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप विजेताओं को 2,100-2,100 रुपये दिए जाएंगे। प्लेयर ऑफ द मैच को 1,500 रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा। संवाद