जिले में चल रहे निजी स्कूलों को शैक्षणिक सत्र 2017-18 की मान्यता के लिए आवेदन करने की तिथि को बढ़ाया गया है। पहले इसके लिए 10 फरवरी तक का समय रखा गया है। अब निजी स्कूल मान्यता के लिए 16 तक आवेदन कर सकेंगे। जिन स्कूलों की पांच वर्ष की मान्यता 31 मार्च 2017 को समाप्त हो रही है वे मान्यता के लिए आवेदन कर सकते हैं। पहली से आठवीं तक के निजी स्कूलों को मान्यता प्रदान की जाएगी। निजी स्कूल विभाग की अधिकृत बेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
निजी स्कूल संचालकों को मान्यता के लिए आवेदन पत्र 16 फरवरी तक जमा करवाने होंगे। नई मान्यता शुल्क पहली से आठवीं तक दस हजार, छठी से आठवी तक पांच हजार तथा मान्यता नवीनीकरण शुल्क 500 रुपये चालान द्वारा जमा करवाने होंगे। उधर प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कुलवंत सिंह पठानिया ने कहा कि स्कूलों की मान्यता की तिथि को 16 फरवरी तक बढ़ाया गया है। इस अवधि तक स्कूल की पूर्ण फाइल, वांछित दस्तावेजों के साथ कार्यालय में जमा करवा दें। जो स्कूल निधार्रित तिथि तक आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं करते हैं, उनके खिलाफ हिमाचल प्रदेश नि:शुल्क एवं बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2011 के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।