कुल्लू। जिले में अधिकारी आने वाले समय में मतगणना केंद्रों पर मतगणना कार्य की व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को सुव्यवस्थित व आधुनिक बनाने पर जोर दें ताकि मतों की गणना को और अधिक तीव्र, सटीक तथा पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जा सके।
यह बात कुल्लू में समस्त उपमंडल अधिकारियों तथा खंड विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में राज्य मुख्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने कही। कहा कि मतपत्रों के प्रबंधन को मजबूत करना, बुजुर्गों एवं दिव्यांगों के लिए घर से मतदान की प्रक्रिया को और अधिक सरल और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के हर स्तर पर महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के स्टाफ की भागीदारी को बेहतर तथा सुदृढ़ करने पर भी बल दिया।
अनिल खाची ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इन सुझावों को धरातल पर उतारने के लिए अभी से रूपरेखा तैयार करें, ताकि आगामी समय में होने वाले किसी भी निर्वाचन को हतर ढंग से किया जा सके। हाल ही में संपन्न हुए पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों के चुनावों का भी फीडबैक लिया। बैठक में आगामी चुनावों को लेकर अधिकारियों से सुझाव भी लिए। संवाद