कुल्लू फलोत्पादक मंडल के चुनाव में वोट डालने पहुंचे पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर। सोर्स...संवाद
राजीव ठाकुर से कांटे के मुकाबले में 24 वोटों से जीता प्रधान पद
238 वोट से जीते रिमन, शांतिपूर्ण तरीके से हुई चुनाव की प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। कुल्लू फलोत्पादक मंडल के चुनाव में रविवार को 1688 बागवानों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रेम शर्मा प्रधान पद के लिए चुने गए। वह 24 वोट से जीते हैं।
रिमन सिंह महामंत्री पद के नियुक्त हुए। रिमन 238 वोटों से जीते। सुबह से ही मतदान के लिए बागवानों की आवाजाही शुरू हो गई थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ मतदान केंद्र पर भीड़ बढ़ती गई और दोपहर तक मतदान ने जोर पकड़ा। शाम तक कुल 1688 मतदाताओं ने वोट डाला। यह कुल सदस्यों 2846 में से लगभग 59 फीसदी रहा। चुनाव को लेकर बुजुर्ग बागवानों से लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा गया।
मतदान केंद्र पर दिनभर चुनावी चर्चाएं गर्म रहीं। चुनाव चिह्न आम और छाता के समर्थकों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल तैयार किया। मतदान प्रक्रिया पूरी तरह से शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रही।
राजीव ठाकुर (आम) और प्रेम शर्मा (छाता) के बीच प्रधान पद के लिए सीधी टक्कर थी। महामंत्री पद पर रिमन सिंह (स्टार) और लालचंद (अलमारी) के बीच मुकाबला था।
इस बार कई मतदाता चुपचाप वोट डालते देखे गए। बिना कुछ कहे निकलते चेहरे संकेत दे रहे थे कि मन की बात इस बार निर्णायक साबित होने वाली है। देर शाम को शुरू हुई मतगणना में अध्यक्ष पद के लिए प्रेम शर्मा और रिमन सिंह महामंत्री विजयी रहे। वे एक वर्ष तक बागवानी, विपणन और समर्थन मूल्य जैसे अहम मुद्दों की दिशा तय करेंगे। अब देखना यह है कि छाते की छांव बागवानों और किसानों को कितनी राहत देती है और स्टार की चमक बागवानों की उम्मीदों को कितनी रोशनी देती है।