मनाली (कुल्लू)। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से एक दिन पूर्व प्रीणी गांव के बाशिंदों ने प्रीणी चौक का नामकरण श्रीराम के नाम पर किया है। अब प्रीणी चौक को श्रीराम चौक के नाम से जाना जाएगा।
विधिवत पूजा-अर्चना कर चौक में बोर्ड लगाकर श्रीराम चौक का नामकरण किया गया। इस अवसर पर प्रसाद भी बांटा गया। प्रीणी गांव में स्थित श्रीराम मंदिर से करीब 500 मीटर पहले एक चौक है। इसे अब तक प्रीणी चौक के नाम से पुकारा जाना जाता रहा, लेकिन रविवार से इसका नाम श्रीराम चौक रख दिया गया है।
प्रीणी गांव के लोगों ने चौक पर एकत्रित होकर विधिवत रूप से एक बोर्ड लगाया, जिसमें श्रीराम चौक लिखने के साथ ही भगवान राम की तस्वीर भी लगाई गई है।
देवता जमदग्नि ऋषि के पुजारी प्यारे लाल ने मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की और चौक का नामकरण किया। इस दौरान श्रीराम मंदिर के पुजारी संगत राम, गांव कमेटी के प्रधान शिव दयाल, सदस्य पूर्ण चंद, पूर्व प्रधान ठाकुर दास, दुनी चंद, मान चंद, सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल नेगी, पूर्व प्रधान कुंदन लाल आदि मौजूद रहे। संवाद