टूट रहे वाहनों के कलपुर्जे, संकरी सड़क जाम से लोग और पर्यटक हो रहे परेशान
अलेउ से नग्गर तक सड़क की हालत खस्ता, टारिंग करने की उठी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पर्यटन नगरी मनाली को आपदा के दौरान शेष दुनिया से जोड़े रखने में अहम भूमिका निभाने वाली कुल्लू-मनाली वामतट सड़क पर पड़े गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। हालत यह है कि कई जगह वाहनों के कलपुर्जे तक टूटने लगे हैं।
सरकार और लोक निर्माण विभाग की उदासीनता के कारण सड़क की हालत खराब है। पर्यटकों और स्थानीय जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2023 और 2025 में आई बाढ़ में कुल्लू-मनाली वामतट सड़क से ही यातायात जारी रहा। लगभग एक महीने तक इसी सड़क से जरूरी वस्तुएं मनाली पहुंच पाईं थीं। करोड़ों का सेब देश की मंडियों तक पहुंचा लेकिन अब सड़क की खस्ता हालत के कारण लोग परेशान हैं। लोक निर्माण विभाग ने आपदा में हुए नुकसान के बाद सड़क अस्थायी तौर पर खोल दी है लेकिन हालात अभी भी नहीं सुधरे हैं। वाहनों में हिचकोले लगना आम बात हो गई है। अलेउ से नग्गर तक सड़क बेहद खराब है। कई जगह सड़क संकरी होने के कारण जाम की स्थिति पैदा हो रही है। अकसर लंबा जाम लगने से लोग और पर्यटक परेशान हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि वामतट सड़क हमेशा मुसीबत के समय काम आई है। इस सड़क पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। टारिंग अच्छी हो और गड्ढे भरे जाएं तो यहां के पर्यटन कारोबारियों समेत आम जनता को राहत मिलेगी।
स्थानीय निवासी अजय अबरोल, किशन लाल, गौतम ठाकुर और मोहन सिंह ने बताया कि कुल्लू-मनाली वामतट सड़क की हालत किसी से छिपी नहीं है। सड़क पर कई जगह एक से डेढ़ फीट गहरे गड्ढे हो गए हैं। इससे वाहनों के कलपुर्जे भी टूट रहे हैं। जल्द इस सड़क की मरम्मत की जानी चाहिए। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप शर्मा ने बताया कि विभाग के पास पांच किलोमीटर की टारिंग की स्वीकृति मिल चुकी है। यह अप्रैल में शुरू की जाएगी।