अलेउ से नग्गर तक हालत ज्यादा खराब, हजारों की आबादी के साथ पर्यटक भी हैं परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिपुर (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली को आपदा के समय देश-दुनिया से जोड़ने वाली कुल्लू-मनाली वामतट सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। अलेउ से नग्गर तक सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहनों में लगातार हिचकोले लग रहे हैं और कई जगह दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गड्ढों की वजह से वाहनों के कलपुर्जे तक खराब हो रहे हैं। कई स्थानों पर सड़क संकरी होने से जाम की स्थिति भी बन रही है।
करजां, जगतसुख, छाकी, मढ़ी, शूरू और प्रीणी जैसे क्षेत्रों में सड़क की हालत सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है। स्थानीय जनता और पर्यटकों का कहना है कि यह मार्ग हमेशा आपदा के समय महत्वपूर्ण साबित हुआ है, इसलिए इसके रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर टारिंग और गड्ढों की मरम्मत की जाए तो पर्यटन कारोबारियों और आम जनता दोनों को राहत मिल सकती है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता आकाश सूद ने बताया कि अलेउ से कुल्लू की ओर सड़क को जल्द दुरुस्त करने का काम किया जाएगा। गौरतलब है कि वर्ष 2023 और 2025 में आई बाढ़ के दौरान भी इसी वामतट सड़क से यातायात सुचारू रहा था और जरूरी वस्तुएं मनाली तक पहुंचाई गई थीं। फिलहाल सड़क की अस्थायी मरम्मत की गई है, लेकिन स्थिति अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई है।
Get s