कुल्लू। सैंज घाटी के बजाहरा डाकघर में डाकपाल को विभाग ने निलंबित कर दिया है। उन पर स्थानीय चार लोगों की एफडी के 2.25 लाख रुपये के गबन करने का आरोप है। मामला सामने आने के बाद डाक विभाग भी विभागीय जांच करने जा रहा है।
इसके लिए डाक विभाग मंडी के वरिष्ठ प्रवर अधीक्षक कंचन सिंह चौहान ने विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा है। इसके बाद जांच अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। उधर, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सैंज पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। बता दें कि डाकपाल श्रवण कुमार निवासी गांव मनाहरा, डाकघर बजाहरा शाखा डाकघर बजाहरा में पोस्टमास्टर के पद पर रहते हुए चार ग्रामीणों की 2,25,000 की एफडी की राशि को सरकारी खातों में जमा नहीं किया।
खाताधारकों की पासबुकों में खुद ही फर्जी तरीके से भरा गया। डाक विभाग मंडी के वरिष्ठ प्रवर अधीक्षक कंचन सिंह चौहान ने कहा कि डाकपाल को निलंबित कर दिया है।