घाटी में चरस तस्तरों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। सोमवार सुबह तड़के ही भुंतर के साथ लगते गड़सा रोड़ में पुलिस ने पेट्रोलिंग और नाकेबंदी में एक व्यक्ति को 2 किलो 759 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह तड़के पांच बजे जब पुलिस का दल गड़सा रोड स्थित चुट्टी बिहाल में पेट्रोलिंग व नाकेबंदी पर थी तो एक सामने से एक शख्स पैदल आ रहा था। पुलिस को देखकर वह अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन कुछ ही दूरी के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और तलाशी लेने पर व्यक्ति के कब्जे से पौने किलो चरस की खेप बरामद की गई। पुलिस ने रैला के भूपन निवासी जय सिंह को चरस खेप समेत गिरफ्तार किया और कागजी प्रक्रिया पूरी कर दोपहर बाद कुल्लू की अदालत में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने चरस तस्कर को चार जनवरी तक पुलिस रिमांड पर रखने का आदेश दिया। एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा कि पुलिस चरस तस्कर से कड़ी पूछताछ कर रही है। उसने चरस को कहां व किसे खरीदा और इसकी खरीद फरोख्त कहां होने वाली थी सब पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। मोबाइल फोन की कॉल डिटेल भी निकाली जा रही है।