कुल्लू में कोरोना से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करते हुए पुलिस कर्मी।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिला कुल्लू में कोरोना के मामलों में एकाएक वृद्धि हुई है। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए लोगों को भीड़भाड़ में न जाने की सलाह दी जा रही है। कोरोना की चेन तोड़ने के लिए एहतियात ही आवश्यक कदम है। जिले में दोबारा कोरोना के मामले आने पर कुल्लू पुलिस लोगों को जागरूक करने में जुट गई है। पुलिस के जवान लोगों को बसों में सफर करने से पूर्व हाथ सैनिटाइज करने और मास्क पहनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसके लिए शुक्रवार को पुलिस जवान जिला मुख्यालय ढालपुर स्थित बस अड्डा पर लाउड स्पीकर के माध्यम से लोगों को पूरा दिन जागरूक करते रहे। इस बीच लोगों को महामारी के संक्रमण के दुष्प्रभावों से भी अवगत करवाया गया।
कुल्लू पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने की आवश्यकता है। लापरवाही के चलते कोरोना मामलों में और उछाल आने की संभावना है। ऐसे में कुल्लू पुलिस ने लोगों को जागरूक करने का अभियान छेड़ा है। लोगों को मास्क पहनने, एक-दूसरे से दूरी बनाए रखने तथा बेवजह घरों से बाहर न निकले की अपील की जा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना नियमों की अवहेलना करने वालों से पुलिस सख्ती से पेश आएगी। बिना मास्क घूमने वालों के चालान काटे जा रहे हैं।