शैंशर स्कूल में खाली चल रहे शिक्षकों के पदों को भरने की मांग ने पकड़ा जोर
लंबे अरसे से आठ पद चल रहे है रिक्त, बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
महेंद्र पालसरा
न्यूली/सैंज (कुल्लू)। सैंज घाटी के दुर्गम क्षेत्र के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शैंशर में अध्यापकों के रिक्त पद भरने की मांग जोर पकड़ने लगी है। लोगों ने सरकार और विभाग से मांग की है कि खाली पदों को जल्द भरा जाए।
लोगों ने स्कूल में रिक्त पदों को भरने के लिए शिक्षा मंत्री और उप निदेशक उच्चतर कुल्लू से मुलाकात करने का निर्णय लिया है। ग्रामीण जय सिंह, प्रेमलता सहित अन्य ने कहा कि स्कूल में प्रधानाचार्य, प्रवक्ता गणित, भूगोल, अर्थशास्त्र, डीपीई और गैर शैक्षणिक पदों में अधीक्षक, सह अधीक्षक, प्रयोगशाला परिचर के पद लंबे समय से रिक्त हैं। इससे स्कूल में पढ़ाई के साथ स्कूल संचालक और प्रबंधन का कार्य प्रभावित हो रहा है।
उधर, विद्यालय कार्यवाहक प्रधानाचार्य सुभाष भारद्वाज ने बताया कि समय-समय पर रिक्त पदों का ब्योरा विभाग को भेजा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने विभाग के साथ शिक्षा मंत्री से आग्रह किया है कि स्कूल में खाली पदों को जल्द भरा जाए।
स्कूल में रिक्त पड़े शिक्षकों और गैर शिक्षकों के पद के कारण हमारे बच्चों को पढ़ाई करने में दिक्कत आ रही है। शिक्षा विभाग को समय रहते स्कूल में शिक्षक तैनात करने चाहिए। - केसरा देवी, कार्यकारिणी सदस्य
काफी लंबा अरसा हो गया है लेकिन स्कूल में खाली पड़े शिक्षकों के पदों को नहीं भरा गया। हमने कई बार शिक्षा विभाग और प्रशासन के समक्ष आवाज उठाई लेकिन कोई सुन नहीं रहा है। - प्रेमा देवी, सदस्य एसएमसी
स्कूल में शिक्षकों और गैर शिक्षकों की तैनाती नहीं हुई तो आने वाले समय में बच्चों की पढ़ाई पर विपरीत असर पडे़गा। इसकी चिंता सताने लगी है। सरकार और विभाग को शिक्षक तैनात करने चाहिए। - झाबे राम, सदस्य एसएमसी
अब निर्णय लिया जा रहा है कि शिक्षा उप निदेशक उच्च और शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर उन्हें स्थिति से अवगत किया जाए, ताकि स्कूल में रिक्त पदों को सरकार समय रहते भरे। -किशन सिंह ठाकुर, अध्यक्ष, स्कूल प्रबंधन समिति