अभिभावकों को दिए जाएंगे अनुमोदित आहार चार्ट
......................
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। अति कुपोषित बच्चों की वृद्धि निगरानी करने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी के माध्यम से फोर्टनाइट मॉनिटरिंग प्लान तैयार किया गया है। कुपोषित बच्चों के अभिभावकों को बाल विकास परियोजना अधिकारी, वृत्त पर्यवेक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से एनआरसी अनुमोदित आहार चार्ट प्रदान किए जाएंगे।
उपायुक्त राहुल कुमार ने सोमवार को बैठक में कहा कि डाइट चार्ट्स आईसीडीएस लाभार्थियों के साथ पहले ही शेयर किए जा चुके हैं। इस संबंध में खंड और आंगनबाड़ी स्तर पर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। डाइट चार्ट प्रिंटेड कप भी कुपोषित बच्चों के अभिभावकों को दिए जाएंगे, जिससे कप का प्रयोग करते हुए बच्चों का डाइट प्लान अभिभावकों को स्मरण रहे। बच्चों की ऊंचाई और वजन लेकर ग्रोथ स्टेटस माता-पिता के साथ शेयर किया जाएगा। उन्हें 15 दिनों तक डाइट प्लान का अनुसरण करने निर्देश दिए जाएंगे। 15 दिनों के अंतराल के बाद पर्यवेक्षक और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की ओर से पुनः बच्चों का ऊंचाई और वजन लेकर ग्रोथ स्टेटस का आकलन किया जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं विकास विभाग संजय डोगरा ने कहा कि जिले में अति कुपोषण के शिकार 6 वर्ष की आयु तक के 17 बच्चे चिह्नित किए गए हैं। इस दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी खुशविंद्र सिंह, अंजू कुमारी आदि मौजूद रहे। संवाद