एमएमएस स्कूल कॉलोनी रोड पर राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। कलैहली स्थित एमएमएस स्कूल कॉलोनी मार्ग पर बजरी के ढेर राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। सड़क पर बिखरी बजरी से खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते बजरी नहीं हटाई गई तो यहां कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय निवासी संदीप, राजेश, अमन, झाबे राम, विरोद और साहिल ने बताया कि सड़क पर बजरी बिखरी होने के कारण कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर चुके हैं। उन्होंने बताया कि बिजली बोर्ड के ट्रांसफार्मर से संबंधित कार्य चल रहा है।
इसी काम के लिए सड़क पर बजरी रखी गई है लेकिन कार्य के दौरान फैली बजरी को समय रहते नहीं हटाया गया तो हादसा हो सकता है। उन्होंने बिजली बोर्ड से मांग की है कि संबंधित ठेकेदार को सड़क से बजरी और निर्माण सामग्री जल्द हटाने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही कार्य पूरा होने के बाद सड़क को साफ करवाया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवाजाही की सुविधा मिल सके। इस संबंध में भुंतर बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता अमन वशिष्ठ ने बताया कि ठेकेदार को सड़क से बजरी हटाने के लिए आदेश जारी किए गए हैं। संवाद