केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी में खराब मौसम और फिसलन भरी सड़क एक बार फिर हादसे का कारण बनी। मुलिंग निवासी आदित्य ठाकुर पुत्र अमर लाल ठाकुर वीरवार दोपहर लगभग 3 बजे अपनी पिकअप गाड़ी से केलांग से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कारगा जीरो पॉइंट के समीप तोगतोगचा नामक स्थान पर मनाली-लेह हाइवे में उनकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे भागा नदी में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्षेत्र में मौसम खराब था और सड़क पर काफी फिसलन थी। हादसे में आदित्य ठाकुर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल आदित्य ठाकुर को सुरक्षित बाहर निकालकर क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला ने बताया कि पुलिस टीम घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। संवाद