मणिकर्ण के तोष नाला में बादल फटने के एक होटल के आगे आया बाढ़ का मलबा
कुल्लू। मणिकर्ण घाटी के तोष नाले के उद्गम स्थल के आसपास पहाड़ी पर सोमवार देररात जोरदार धमाका होने से पूरे इलाके में कंपन महसूस हुई। तोष में हल्की बारिश हो रही थी। धमाका सुनकर लोगों को अहसास हो गया कि कुछ ठीक नहीं है। जैसे ही नाले में बाढ़ का पानी देखा तो लोग आधी रात को ही घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जान बचाकर भागे। बादल फटने से तोष नाले की बाढ़ से जानमाल का नुकसान हो सकता था।
बताया जा रहा है कि बादल फटने के बाद तोष नाला में बाढ़ आ गई, वहीं दूसरी ओर से ब्रह्मगंगा नाले में भी बाढ़ आई। इससे पानी दो नालों में बंट गया। जानकारों के अनुसार अगर बाढ़ का पानी एक जगह से होकर जाता तो भारी तबाही मच सकती थी। लोग तोष में बादल फटने के बाद सहमे हुए हैं। पैदल पुल के बह जाने के बाद आवाजाही की डगर मुश्किल हो गई है। अस्थायी जुगाड़ लगाकर ग्रामीण नाला पार कर रहे हैं।
आधी रात से लेकर यहां पर बिजली और पानी की आपूर्ति ठप हो गई। मंगलवार दोपहर बाद गांव के लिए बिजली की आपूर्ति सुचारु कर दी गई लेकिन पेयजल आपूर्ति अभी भी ठप है।
उपायुक्त तोरुल एस रवीश भी मंगलवार को बादल फटने से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए तोष गांव में पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनके लिए जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु करने और पुल लगाने का आश्वासन दिया। जल शक्ति विभाग को पेयजल आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए।
...
तोष में बादल फटने के बाद ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। घटना में किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं है। प्रशासन की ओर से राहत कार्याें को तेजी से करने का आश्वासन मिला है।
-लुदर चंद, उपप्रधान, ग्राम पंचायत बरशैणी
000
मणिकर्ण के तोष नाला में बादल फटने के एक होटल के आगे आया बाढ़ का मलबा