मनाली में शांतिपूर्ण तरीके से दिया धरना, अवैध धंधों पर अंकुश लगाने की रखी मांग
एक सप्ताह का दिया अल्टीमेटम, नहीं तो चक्का किया जाएगा जाम : सुभाष
संवाद न्यूज एंजेसी
मनाली (कुल्लू)। शहर के मालरोड में कथित तौर पर देह व्यापार और चिट्टा तस्करी को लेकर स्थानीय लोग उग्र हो गए हैं। मंगलवार को मनाली में विभिन्न पर्यटन संगठनों, समाजसेवियों और महिलाओं ने मामले को लेकर शांति मार्च निकाला और थाना के बाहर धरना दिया। लोगों ने प्रशासन और पुलिस को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देकर कार्रवाई की मांग उठाई है, अन्यथा लोग सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करेंगे।
मालरोड में अवैध धंधे बढ़ने से लोग परेशान हो गए हैं। समाजसेवी सुभाष ठाकुर की अगुवाई में मंगलवार को मनाली के लोग इन मामलों को लेकर सड़क पर उतरे। रामबाग में एकत्रित होने के बाद एसडीएम कार्यालय तक रैली निकाली। शांतिपूर्ण तरीके से नारेबाजी किए बगैर लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंप कर देह व्यापार और चिट्टा तस्करी पर अंकुश लगाने की मांग रखी। उसके बाद थाना पहुंचे। वहां भी ज्ञापन सौंपा।
सुभाष ठाकुर ने कहा कि मनाली के मालरोड में देह व्यापार हो रहा है। चिट्टा तस्करी करने वाले और नशेड़ी घूम रहे हैं, जो पर्यटको को भी ठग भी रहे हैं। नशेड़ी लोगों का सामान छीनकर भाग रहे हैं। पर्यटक महिलाओं के साथ भी छेड़खानी की जा रही है। इस पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। इसके बाद सभी लोग मनाली थाना पहुंचे लेकिन, डीएसपी और थाना प्रभारी नहीं होने के कारण लोग धरने पर बैठ गए। लगभग एक घंटे तक धरने पर बैठने के बाद थाना प्रभारी पहुंचे।
लोगों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा और अपनी बात रखी। उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें उग्र आंदोलन छेड़ना पड़ेगा। लोग चक्का जाम करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शन में रजनीश शर्मा, कुबेर अवस्थी, नगर परिषद की पार्षद चंद्रा पदान, ललिता, टैक्सी यूनियन, ऑटो यूनियन, टेंपो यूनियन, बैडमिंटन एसोसिएशन, व्यापार मंडल समेत विभिन्न पर्यटन कारोबारी मौजूद रहे।