12 अक्तूबर तक चलेगा अभियान, क्षेत्रीय अस्पताल सेे किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले को एचआईवी एड्स मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग 12 अक्तूबर तक जागरूकता अभियान चलाएगा। इसमें शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की जनता तक सभी को सजग किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने विशेष प्लान तैयार कर लिया है। प्लान के तहत जागरूकता कार्यक्रम और शिविर आयोजित किए जाएंगे।
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में वीरवार को अभियान का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह ठाकुर ने शुभारंभ किया। कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज की प्रशिक्षुओं ने नाटक की प्रस्तुति देकर सोशल मीडिया से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने दिखाया कि कैसे सोशल मीडिया के गलत प्रभाव से युवा नशे और यौन रोगों की चपेट में आ रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि एचआईवी एड्स के मामलों की रोकथाम तथा जिले को इससे मुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। इसके अलावा रेड रिबन क्लब किशोरों और युवाओं को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने लोगों से जागरूक रहने की अपील की है, ताकि लोग जानलेवा बीमारी की चपेट में न आएं।