मणिकर्ण घाटी के चोंग सरनाउली में लोक नृत्य करते ग्रामीण।-संवाद
कुल्लू। पार्वती घाटी के चौंग में सरानाहुली मेले की धूम रही। माता पार्वती और माता रूपासना के दर्शनों के लिए चौंग गांव में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने दोनों देवियों के दर्शन कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। रविवार देर रात तक ग्रामीण वाद्ययंत्रों की थाप पर कुल्लवी नाटी पर खूब झूमे। महिलाओं ने लालड़ी नृत्य भी किया।
चौंग में माता पार्वती मंदिर परिसर में माता पार्वती और माता रूपासना का देवनृत्य भी हुआ। चारों ओर महिलाओं ने लालड़ी नृत्य किया। इस नजारे ने सभी को अपनी ओर आकर्षित किया। चौंग सरानाहुली मेले में इस बार माता पार्वती के साथ माता रूपासना भी शोभा बढ़ा रही हैं। सोमवार सुबह माता पार्वती और माता रूपासना की पूजा-आराधना हुई। श्रद्धालु केहर सिंह और रमेश कुमार ने कहा कि माता पार्वती और माता रूपासना के समक्ष शीश नवाकर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया है। सरानाहुली मेले को लेकर गांव में उत्सव का माहौल रहा। संवाद