ढालपुर में संयुक्त संघर्ष समिति ने चौथे दिन भी जारी रखा धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। लंबित मांगों के समाधान की उम्मीद में पेंशनरों का इंतजार अब आंदोलन में बदलने लगा है। सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले पेंशनरों का धरना रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा। ढालपुर स्थित पार्क में पूर्वाह्न 11 से दोपहर बाद तीन बजे तक पेंशनरों ने शांतिपूर्ण तरीके से धरना देकर अपनी मांगें उठाईं। कुल्लू में यह धरना 17 नवंबर तक जारी रहेगा।
संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष इंद्रदत्त शर्मा ने कहा कि धरने में विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हुए पेंशनर बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं। इनमें ऐसे बुजुर्ग भी शामिल हैं, जो कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद पेंशनरों की लंबित मांगों का समाधान नहीं किया जा रहा है। इससे पेंशनरों में सरकार के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि आंदोलन में पेंशनरों के 18 संगठन एकजुट होकर शामिल हैं। प्रदेशभर में पेंशनर अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। सभी संगठन मिलकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इंद्रदत्त शर्मा ने बताया कि 19 नवंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में प्रदेशभर के पेंशनर एकत्रित होंगे और विरोध रैली निकालकर अपनी मांगें उठाएंगे।