पेंशनरों की लंबित मांगों को जल्द पूरा करें
संवाद न्यूज एजेंसी
गुशैणी/बंजार (कुल्लू)। पेंशनर एकजुट हैं, सरकार पेंशनरों को कम न आंके। पेंशनर पिछले लंबे समय से अपनी लंबित मांगों को पूरा करने की सरकार से मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार मांगों को लगातार दरकिनार कर रही है।
ऐसे में पेंशनरों ने एकजुट होकर संघर्ष का रास्ता अपनाने की रणनीति तैयार की है। यह बात सिविल पेंशनर एवं वेलफेयर एसोसिएशन बंजार खंड के अध्यक्ष प्रीतम शर्मा ने कही। एसोसिएशन के बंजार खंड की मासिक बैठक अध्यक्ष प्रीतम शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिला प्रधान सेसराम ठाकुर, वरिष्ठ उपप्रधान गिरधारी लाल डोगरा, जिला महासचिव मोहर सिंह सीस, भुंतर खंड के वरिष्ठ उपप्रधान महेंद्र सिंह डोगरा विशेष अतिथि उपस्थित रहे। अध्यक्ष प्रीतम शर्मा ने कहा कि पेंशनरों का प्रतिनिधि मंडल बैठक के बाद एपीएमसी के चेयरमैन राम सिंह मियां से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने पेंशनरों की मांगों को प्रदेश सरकार के समक्ष उठाने का उनसे आग्रह किया। इस दौरान तेज प्रताप, बुधराम, उषा, खूबराम आदि उपस्थित रहे। संवाद