कुल्लू के भुंतर सब्जी मंंड़ी में हरे मटर की पैकिग करने में जुटे कामगार
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू-कश्मीर के मटर के आगे कुल्लू का हरा मटर फीका पड़ गया है। पंजाब सहित अन्य मंडियों में जम्मू-कश्मीर का मटर पहुंचने के बाद कुल्लू के मटर के दामों में गिरावट आई है। मई के दूसरे सप्ताह में 40 से 45 रुपये प्रति किलो तक बिकने वाला कुल्लू का हरा मटर अब 30 से 35 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। मंगलवार को भुंतर सब्जी मंडी में हरा मटर 30 से 35 रुपये प्रति किलो बिका।
जम्मू-कश्मीर से हरा मटर शुरू होने का कुल्लू के किसानों को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। सब्जी मंडी भुंतर सहित अन्य मंडियों में मटर की भारी खेप प्रतिदिन पहुंच रही है। 15 जून तक मटर की फसल मंडियों में इसी तरह आने की उम्मीद है। मटर के दामों में आई गिरावट का नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है।
कुल्लू जिले के हरे मटर की व्यापारियों में खूब मांग रहती हैं। पंजाब, दिल्ली सहित अन्य राज्यों के व्यापारी इसे हाथोंहाथ खरीदते हैं। भुंतर सब्जी मंडी के आढ़ती ईशान शर्मा ने कहा कि भुंतर में मंगलवार को हरा मटर 30-35 रुपये प्रति किलो बिका है। कहा कि शुरुआती दौर के मुकाबले मटर के दामों में गिरावट आई है। जम्मू-कश्मीर का मटर मंडियों में आने से कुल्लू के मटर के दामों पर असर पड़ा है।