कुल्लू। मुख्यमंत्री सहारा योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के गंभीर एवं दीर्घकालिक बीमारियों से पीड़ित मरीजों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है। यह बात जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा ने कही।
उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से मुख्यमंत्री सहारा योजना के तहत पात्र एवं आधार सत्यापित सक्रिय लाभार्थियों को जून 2026 तक की अवधि की वित्तीय सहायता राशि जारी की जा चुकी है। सरकार की ओर से योजना में आवेदन से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया को डिजिटल बनाने के लिए नया ऑनलाइन डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है। इससे पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सरल एवं सुविधाजनक तरीके से ऑनलाइन प्राप्त हो सकेगा। जिन लाभार्थियों के आवेदन राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा सोसायटी की ओर से लंबित रखे गए थे, उन्हें सहायता राशि प्राप्त करने के लिए पुनः आवेदन करना होगा। संवाद