कुल्लू में उपायुक्त कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कार्यालय से बाहर निकले कर्मच
जिले के सभी प्रवेश द्वारों पर बैठाया पहरा, बिना जांच किए कुल्लू में दाखिल नहीं होंगे वाहन
नाके पर दिन-रात होगी जांच, किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती जिला पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में बम धमाके की धमकी के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है। ई-मेल से मिली धमकी के बाद पुलिस ने बजौरा में नाका लगाकर वाहनों की जांच तेज कर दी है।
शुक्रवार को बाहर से आने वाली सभी तरह की गाड़ियों की जांच की गई। वाहनों की तलाशी रात-दिन की जाएगी। सुरक्षा को देखते हुए पूरे जिला में अलर्ट जारी किया है।
पुलिस भी किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती है। नाकाबंदी के साथ रात्रि गश्त को भी बढ़ा दिया है। पर्यटन सीजन में कोई शख्स पर्यटक के वेष में घाटी में न घुसे, इसके लिए सुरक्षा को चाक चौबंद कर दिया है। जिले के सभी प्रवेश द्वारों में पुलिस का पहरा बैठा दिया है। उधर, बाह्य सराज आनी के लुहरी में भी पुलिस सतर्क हो गई और यहां भी तलाशी की जा रही है।
उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुल्लू संजीव चौहान ने कहा कि बजौरा में नाकाबंदी तेज कर दी है। जिले के सभी पुलिस थानों और चौकियों को भी इस बारे में निर्देश दिए गए हैं कि वे गश्त के साथ नाकाबंदी को तेज करें। उन्होंने कहा कि कुल्लू पुलिस सतर्क है। उन्होंने जिलावासियों से शांति बनाए रखने की अपील की।