कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में पीपीपी मोड पर संचालित क्रस्ना लैब का सर्वर डाउन होने से शुक्रवार को मरीजों को दिक्कत हुई।
वीरवार रात करीब 1:30 बजे से सर्वर में तकनीकी खराबी आने लगी। इसके चलते शुक्रवार को सुबह से शाम तक जांच करवाने पहुंचे मरीज और तीमारदार परेशान होते रहे।
सरकारी स्तर पर निशुल्क जांच की सुविधा होने के बावजूद कई मरीजों को मजबूरी में निजी प्रयोगशालाओं का रुख करना पड़ा। क्रस्ना प्रयोगशाला में सर्वर की समस्या के कारण जांच प्रक्रिया प्रभावित होती रही।
क्रस्ना प्रयोगशाला में करीब 233 तरह के टेस्ट निशुल्क किए जाते हैं। हालांकि, अपराह्न करीब 12:30 बजे तक अस्पताल की सरकारी प्रयोगशाला में लगभग 300 मरीजों के टेस्ट किए गए। तीमारदार अंशुल, मोहित, शिवानी, आकांक्षा और स्नेहा ने कहा कि सर्वर नहीं चलने के कारण उन्हें मरीजों के जरूरी टेस्ट निजी प्रयोगशालाओं में महंगे दाम पर करवाने पड़े। क्रस्ना प्रयोगशाला की अधिकारी पवना ने बताया कि सर्वर डाउन होने से परेशानी आई थी, लेकिन मरीजों के लिए जांच सुविधा जारी रही। संवाद