चार जिलों के केंद्र बिंदु क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के बाहर स्ट्रीट लाइटें खराब होने से लोग परेशान
कॉलेज चौक, खोरी रोपा और शीशामाटी क्षेत्र में भी मोबाइल की रोशन के सहारे गुजर रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय ढालपुर में शाम होते ही अंधेरा पसर जाता है। क्षेत्रीय अस्पताल के बाहर से गुजरने वाले रास्ते में मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों को घुप अंधेरे में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा कॉलेज चौक, खोरी रोपा और शीशामाटी क्षेत्र में भी समस्या अधिक रहती है। इन क्षेत्रों में लोगों को मोबाइल या टॉर्च की लाइट जलाकर यहां से गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यहां लगीं स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। इससे राहगीरों को अंधेरे के कारण दिक्कतें हो रही हैं।
गौर रहे कि चार जिलों के केंद्र क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के बाहर से मुख्य गेट से दूसरे गेट तक जाने में मरीजों सहित तीमारदारों को खासा परेशान होना पड़ रहा है। हालांकि, अधिकतर मरीज और तीमारदार मुख्य गेट से आते हैं। रात को मरीजों का इलाज ट्राॅमा सेंटर में होता है, जिसका रास्ता गेट नंबर दो है। ऐसे में अस्पताल के बाहर के रास्ते में न केवल मरीजों, बल्कि उनके तीमारदारों का भी आना-जाना लगा रहता है। साथ ही सैकड़ों की संख्या में आम लोग भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। यही नहीं, इस रास्ते से जिला प्रशासन और नगर परिषद के अधिकारी भी गुजरते हैं, लेकिन किसी ने भी समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया। इसके अलावा शीशा माटी, कॉलेज चौक और खोरी रोपा क्षेत्र में भी लोगों को रात के घुप अंधेरे में धक्के खाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। शहरवासी सोनम, आशीष, मोहित, शांभवी, रीतिका और अनुष्का ने कहा कि नगर परिषद स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करवाएं। उधर, इस संबंध में नगर परिषद के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने कहा कि फील्ड स्टाफ से इसकी रिपोर्ट लेकर स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करवा दिया जाएगा।