निरमंड (कुल्लू)। चायल क्षेत्र में बारिश और भूस्खलन के कारण सड़क बंद होने से परेशान बागवानों के लिए राहत की खबर है। जाओं से धाराबाग के लिए लोक निर्माण विभाग ने स्पैन तैयार कर दिया है। अब चायल क्षेत्र के बागवानों को अपनी सेब की फसल मंडियों तक पहुंचाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
सोमवार से वैकल्पिक व्यवस्था के तहत स्पैन के माध्यम से सेब की ढुलाई शुरू की जा रही है। खास बात यह है कि इस वर्ष लोक निर्माण विभाग की ओर से स्पैन के जरिये सेब की ढुलाई का कोई भाड़ा नहीं लिया जाएगा। बागवानों को स्पैन पार करने के लिए अतिरिक्त परिवहन शुल्क नहीं देना पड़ेगा।
सेब सीजन के बीच सड़क बंद होने से चायल क्षेत्र के बागवानों के सामने तैयार फसल को मंडियों तक पहुंचाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई थी।
ऐसे में वैकल्पिक स्पैन तैयार होने और उस पर निशुल्क ढुलाई शुरू होने से बागवानों को काफी राहत मिलेगी। क्षेत्र के लोगों और बागवानों ने इस व्यवस्था के लिए मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, लोक निर्माण विभाग निरमंड डिविजन के अधिशासी अभियंता आनंद शर्मा, सहायक अभियंता राकेश नेगी, कनिष्ठ अभियंता अनिल, ठेकेदार सारांश और चायल पंचायत के प्रधान देवी सिंह ठाकुर का विशेष आभार व्यक्त किया है।
बागवानों का कहना है कि सेब की फसल तैयार होने के समय परिवहन की सुविधा मिलना बेहद जरूरी है। संवाद