आईएसबीटी कुल्लू से बाहर निकलने वाली सड़क पर पड़े गड्ढ़े। -संवाद
कुल्लू। हाईटेक अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) कुल्लू तक पहुंचने और यहां से बाहर निकलने वाली सड़कें बदहाल हैं। बस अड्डा में प्रवेश और बाहर जाने वाले मार्गों पर गहरे गड्ढ़े बने हुए हैं। इससे वाहनों में सवार यात्रियों को हिचकोले खाने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
डबललेन भूतनाथ पुल से आईएसबीटी तक जाने वाली सड़क पर भूतनाथ चौक, नगर परिषद की एमआरएफ साइट और बस अड्डा के प्रवेश द्वार पर गहरे गड्ढ़े हैं। वहीं, बाहर निकलने वाली सड़क पर भी बस अड्डा के पीछे और एमडीआर चौक के पास हालात खराब हैं। इससे स्थानीय यात्रियों और पर्यटकों को रोजाना असुविधा हो रही है। छोटे वाहनों के बंपर और कलपुर्जे तक टूट रहे हैं, लेकिन नगर परिषद और लोक निर्माण विभाग इसे दुरुस्त करने को लेकर उदासीन बने हुए हैं।
नगर परिषद के उपाध्यक्ष चंदन प्रेमी ने बताया कि ये सड़कें लोक निर्माण विभाग के अधीन हैं। वहीं, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता विवेक गौतम ने कहा कि डबललेन भूतनाथ पुल से बस अड्डा तक 150 मीटर सड़क विभाग के अधीन है, जिसकी टारिंग प्रस्तावित है, जबकि दूसरी सड़क उनके अधीन नहीं आती। संवाद
आईएसबीटी कुल्लू से बाहर निकलने वाली सड़क पर पड़े गड्ढ़े। -संवाद