लोग परेशान - पंचायत प्रधान की अगुवाई में आरटीओ से मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
खराहल (कुल्लू)। वामतट के गांव जुआणी रोपा, लुगड़भट्टी, सेउबाग, काईस, कराडसू आदि गांव के लोगों को निजी बसों में नहीं बैठाया जा रहा है।
लोकल स्टेशन की सवारियों को बस स्टैंड से बसों में नहीं बैठाया जा रहा है। अगर कोई बस में बैठ गया तो उसे उतरने को कहा जा रहा है। समस्या को लेकर बुधवार को आधा दर्जन गांवों के लोग राउगी पंचायत के प्रधान मान चंद की अगुवाई में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कुल्लू राजेश भंडारी से मिले।
उन्होंने कहा कि वामतट के लोकल स्टेशनों की सवारियों को बसों के चालक और परिचालक नहीं बैठा रहे हैं। निजी बसों के चालक और परिचालक मनमानी पर उतर आए हैं। यह रवैया बिल्कुल गलत है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। किसान सभा के प्रधान देव राज नेगी, सचिव देशराज ठाकुर कमला, कौशल्या, अंजना, दोत राम, जोग राज और ऐल राम ने कहा कि बसों में सवारियां न बैठाने से बच्चों, महिलाओं और बजुर्गों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र के लिए अतिरिक्त बसों को चलाया जाए। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कुल्लू राजेश भंडारी ने आश्वासन दिया कि समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।
-