कुल्लू के गांधी नगर में बन रही एक करोड़ की पार्किग
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू में वाहनों के लिए पार्किंग बड़ी समस्या बनती जा रही है। शहर की सड़कों पर वाहनों को बेतरतीब ढंग से पार्क किया जा रहा है। इससे जाम की स्थिति पैदा हो रही है। इससे निपटने के लिए नगर परिषद कुल्लू अमृत योजना के तहत वार्ड नंबर 11 गांधीनगर में पार्किंग का निर्माण करवा रही है। इसमें 50 से 60 गाड़ियां खड़ी करने की सुविधा रहेगी।
गांधीनगर में पार्किंग बनने से वार्ड के लोगों को काफी हद तक वाहन खड़े करने की समस्या से निजात मिलेगी। बड़े शहरों की तर्ज पर ऑटोमेटेड बूम बैरियर वाली यह जिले की दूसरी पार्किंग होगी। पार्किंग के प्रवेश द्वारों पर बूम बैरियर के साथ सीसीटीवी कैमरे से आने-जाने वाले वाहनों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। गौरतलब है कि पार्किंग के निर्माण पर नगर परिषद करीब एक करोड़ रुपये खर्च करेगी। इस पार्किंग में जीतने वाहन धरातल पर उतने ही ऊपरी मंजिल पर खड़े हो सकेंगे। पहले भी इसी स्थान पर वार्ड के लोग वाहन खड़ा करते थे। लेकिन जगह कम होने के कारण पार्किंग में दिक्कत हो रही थी। पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। उधर, इस संबंध में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने कहा कि शहर में पार्किंग की समस्या को हल करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर परिषद के वार्ड नंबर 11 गांधीनगर में पार्किंग का निर्माण अमृत योजना के तहत किया जा रहा है। इस पर करीब एक करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। पार्किंग बनने से वार्ड के लोगों को सुविधा मिलेगी।