कुल्लू। जिले के जिया में पांगी भवन का निर्माण सालों से लटका हुआ है। इसके लिए 2.17 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत है। यह बात पांगी जन कल्याण संघ के अध्यक्ष भीम सिंह शर्मा ने कुल्लू में कही। अटल सदन में पांगी जन कल्याण संघ की वार्षिक बैठक हुई।
इसमें पांगी भवन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कहा कि करोड़ों के बजट से पांगी भवन का निर्माण होना है, लेकिन धरातल पर अभी भवन का कार्य नहीं दिख रहा है। वन विभाग को भवन निर्माण का जिम्मा सौंपा गया है। विभाग निर्माण कार्य में दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है।
विभागीय लेटलतीफी का खामियाजा पांगी की जनता को भुगतना पड़ रहा है। अध्यक्ष भीम सिंह शर्मा ने कहा कि बार-बार आग्रह करने के बाद भी वन विभाग कार्य में तेजी नहीं ला रहा है।
संघ जल्द चंबा प्रशासन को ज्ञापन सौंपेगा, जिसमें पांगी की जनता की समस्याओं और भवन निर्माण संबंधी मुद्दों को हल करने की मांग की जाएगी। कहा कि बैठक में सर्वसम्मति से 11 फरवरी को जिला कुल्लू में तुकारू उत्सव मनाने का निर्णय लिया गया है। संवाद