लोगों बोले... पंचायत में दस दिन से नहीं मिल रहा पानी, डीसी को सौंपा शिकायत पत्र
आरोप... पंचायत की सप्लाई डायवर्ट कर शहर में पानी मुहैया करवा रहा जलशक्ति विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय से सटी महाराजा घाटी की पीज पंचायत में पेयजल संकट गहरा गया है। पंचायत के 17 गांवों में दस दिनों से पानी की सप्लाई ठप है। इस कारण 1600 की आबादी को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है।
लोगों का आरोप है कि जल शक्ति विभाग ने पंचायत की सप्लाई को डायवर्ट कर कुल्लू शहर में पानी मुहैया करवाया जा रहा है। विभाग ने दरपोईन टैंक को भरने के बजाय शैताफाट ट्रीटमेंट प्लांट के लिए सुम्मा से पानी छोड़ा है। इस कारण पीज पंचायत को पानी मुहैया करवाने वाला दरपोईन टैंक खाली पड़ा है।
शुक्रवार को पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला और शिकायत पत्र सौंपा। पंचायत प्रधान भुवनेश्वर सिंह ने कहा कि पुरानी पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है। पंचायत के गांवों पीज, बाईंग, धारा, राईल, कौहूधार, चकनाणी, बईकोहर, बरशाणी, मोड़ाबाड़ी, धाराबाई, पारली सेरी, शौरणा-आगे, गुघंरा, खोड़ा-आगे, उझली नैना-सेरी, बुनली नैना-सेरी आदि के लिए दरपोईन पेयजल टैंक से पानी की सप्लाई की जाती है, लेकिन विभाग ने पानी शैताफाट ट्रीटमेंट प्लांट के लिए बदल दिया है। ऐसे में पंचायत की करीब 1,600 की आबादी को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने उपायुक्त से जल शक्ति विभाग को पीज पंचायत के लिए दरपोईन टैंक भर पेयजल सप्लाई सुचारू करने के निर्देश जारी करने की मांग की है। इस संबंध में जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता शुभम ने कहा कि भारी बारिश के कारण दरपोईन से पीज के बीच पेयजल लाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हुई है। इस लाइन को दुरुस्त किया जा रहा है। कहा कि जल्द पेयजल सप्लाई कर दी जाएगी।
99