बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार के कलाकेंद्र में सोमवार को नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने किया। इस दौरान बंजार विस क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की पहली पाठशाला और गांवों के विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं। जनता ने जिन प्रतिनिधियों पर विश्वास जताया है, अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे इस विश्वास को विकास और जनसेवा के माध्यम से मजबूत करें। पंचायत प्रतिनिधि गांव की वास्तविक समस्याओं से सीधे जुड़े होते हैं और सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांव-गांव में जनता की आवाज हैं और क्षेत्र के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। शौरी ने कहा कि राजनीति का वास्तविक अर्थ सत्ता नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। समारोह में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, जिला परिषद सदस्य कुसुमलता दीपक सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।