कोरोना संक्रमण के मामले पर जिले के लोगों को हो सकती है परेशानी
क्षेत्रीय अस्पताल में बनाया था 1,000 लीटर प्रति मिनट की क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। देश भर में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। कुल्लू में आपातकालीन स्थिति में मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध करवाने वाला प्लांट 17 माह से ठप है। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े तो मरीजों की परेशानियां बढ़ सकती हैं। प्लांट ठप होने से ऑक्सीजन का उत्पादन नहीं हो रहा है।
बता दें कि कोरोना काल के दौरान क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में 1,000 लीटर प्रति मिनट की क्षमता वाला ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया गया है, लेकिन इस प्लांट का संचालन पिछले 17 माह से नहीं हो रहा है।
ऑक्सीजन प्लांट की बजट के अभाव में आवश्यक सर्विस नहीं हो पा रही है। इस वजह से ऑक्सीजन तैयार नहीं हो रही है। प्लांट से अस्पताल के सभी वार्डों में भर्ती मरीजों के बिस्तरों तक पाइपलाइन के माध्यम से ऑक्सीजन की आपूर्ति पूर्व में की जाती रही है, लेकिन अब मरीजों को सिलिंडर के माध्यम से ऑक्सीजन उपलब्ध करवानी पड़ रही है। अस्पताल प्रबंधन जिला मंंडी से ऑक्सीजन सिलिंडर की खेप मंगवा रहा है, लेकिन कोरोना संक्रमण के मामले आने और मरीजों की संख्या बढ़ने से ऑक्सीजन संबंधी दिक्कतों से स्वास्थ्य विभाग और मरीजों को जूझना पड़ सकता है। उधर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तारा चंद ने कहा कि अस्पताल में 450 से अधिक छोटे-बड़े ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध हैं। कहा कि काेरोना के खतरे को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन तैयारियों में जुटा है।