जिला पर्यटन अधिकारी के समक्ष देना होगा जवाब, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पैराग्लाइडर के पेड़ में फंसने के मामले में ऑपरेटर को पर्यटन विभाग ने समन जारी किया है। अब पैराग्लाइडर ऑपरेटर को जिला पर्यटन अधिकारी के समक्ष पेश होकर जवाब देना होगा। विभाग मामले की जांच कर रहा है। मामले में अगर किसी प्रकार की कोताही पाई जाती है तो ऑपरेटर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
दो दिन पहले पीज पैराग्लाइडिंग साइट से दो पैराग्लाइडरों ने उड़ान भरी थी। एक पैराग्लाइडर कलाकेंद्र के पास उतरा। दूसरा पैराग्लाइडर वन विभाग कुल्लू के कार्यालय के पास पेड़ में फंस गया। इसमें पर्यटक और पायलट को अग्निशमन विभाग और पुलिस ने रेस्क्यू किया था। काफी समय पहले पीज साइट में तेज हवा के चलते एक पैराग्लाइडर 10 किलोमीटर दूर भुंतर में उतरा था।
ब्यास को पार भी एक पायलट को आपात लेडिंग करनी पड़ी थी। पैराग्लाइडिंग साइट डोभी और गड़सा में इन दिनों पैराग्लाइडिंग बंद है। ऐसे में अधिक संख्या में पर्यटक पैराग्लाइडिंग के लिए पीज साइट पहुंच रहे हैं। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुनयना शर्मा ने कहा कि पैराग्लाइडर ऑपरेटर को समन जारी किया गया है। संवाद