कुल्लू। जिला कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में चिकित्सकों ने चार दिन की हड़ताल के बाद बुधवार को ओपीडी सेवाएं शुरू कर दीं। ओपीडी सेवाओं की बहाली के साथ ही अस्पताल में 1092 मरीजों ने अपना उपचार करवाया, जो अनुमानित संख्या से कहीं अधिक रही। मरीजों की बड़ी संख्या ने अस्पताल में पंजीकरण काउंटर से लेकर ओपीडी तक भीड़ की स्थिति रही।
अस्पताल में बुधवार को पांच जटिल ऑपरेशन भी किए गए, जिसमें तीन ऑर्थो, एक सी-सेक्शन और एक एपेंडिक्स का ऑपरेशन शामिल किया गया। इसके अतिरिक्त, 45 मरीजों के अल्ट्रासाउंड भी किए गए। जबकि आम दिनों में ओपीडी में 800 से 900 मरीजों की संख्या रहती है, बुधवार को यह संख्या बढ़कर 1100 के पास पहुंच गई।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेश चंद ने बताया कि हड़ताल के बाद ओपीडी सेवाएं पुनः शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि पहले दिन 1092 मरीजों का उपचार विभिन्न ओपीडी में किया गया और साथ ही पांच जटिल ऑपरेशन और 45 अल्ट्रासाउंड की सुविधाएं प्रदान की गईं।
चिकित्सकों ने की गेट मीटिंग
उधर, क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में बुधवार की सुबह चिकित्सकों ने एक गेट मीटिंग की। इस बैठक में चिकित्सकों ने अपनी समस्याओं और मुद्दों पर चर्चा की और हाल ही में कोलकाता में डॉक्टर से दुष्कर्म व हत्या के मामले पर विरोध जताया। इसके बाद चिकित्सकों ने निर्धारित समय पर ओपीडी में मरीजों का उपचार शुरू किया।