अग्निकुंड के चारों ओर परिक्रमा कर नृत्य करेंगे देवता खुडीजल
मंदिर परिसर में तीन बार खींची जाएगी घास की बनी रस्सी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। घाटी में आजकल देवी-देवताओं के दौरे पर देव कारज चल रहे हैं। जिले के अधिष्ठाता देवता खुडीजल की वास स्थली देहुरी में 19 और 20 नवंबर को दो दिवसीय बूढ़ी दिवाली उत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए कारकूनों ने तैयारी शुरू कर दी है।
बूढ़ी दिवाली पर देवता खुडीजल ढोल-नगाड़ों के साथ अपने मंदिर के बाहर निकलेंगे। मंदिर परिसर में लोगों की ओर से लाई गईं लकड़ियों से अग्निकुंड जलाया जाएगा। इसके चारों ओर परिक्रमा कर देव नृत्य होगा। ढोल-नगाड़े, करनाल, नरसिंगों और शहनाई के साथ देवता सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करेंगे। इस दौरान देवता खुडीजल की मौजूदगी में मंदिर परिसर में घास (मूंजी) की बनी रस्सी को देवलुओं की ओर से तीन बार खींचा जाएगा।
देवता के कारदार शेर सिंह, पूर्ण शर्मा और शिव राज भारद्वाज ने कहा कि बूढ़ी दिवाली की प्राचीन प्रथा के अनुसार देवता के 90 मुजारे से देवता खुडीजल की पूजा में उपयोग होने वाली सामग्री को एकत्रित किया जाएगा। इसमें जौ, गेहूं, मक्की और घी आदि शामिल हैं। इस दौरान कारकूनों की ओर से राजा बलि एवं बामन अवतार से संबंधित गीत भी गाए जाएंगे। देवता दो दिन तक मंदिर के बाहर सौह में देव नृत्य करेंगे। चार गांवों और 90 मुजारे के लोग इसमें शामिल होते हैं। खास बात है कि इस दौरान देवता रात को अपने मंदिर के बजाय बाहर परिसर में ही रुकेंगे।
देवता का रथ बाहर निकलने से रघुपुरघाटी के साथ सीमांत लगते मंडी जिले की तीन-चार पंचायतों के लोग देवता के दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे। देव व्यास ऋषि कुईंर, कोट पझारी और देवता सेरी नारायण के सम्मान में बूढ़ी दिवाली पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। दो दिन तक देव नृत्य के साथ लोग बड़ी संख्या में देवता का आशीर्वाद लेंगे।