जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समीति की बैठक में चेतावनी बोर्ड लगाने के भी दिए निर्देश
पुलिस, राजस्व और लोक निर्माण विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट बनाने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्राधिकार की सड़कों के ब्लैक स्पॉट दुरुस्त करवाने में संजीदगी दिखाएं।
शुक्रवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति बैठक की में डीसी ने यात्रियों की सुरक्षा और सड़क हादसे कम करने के लिए राष्ट्रीय मार्गों और संपर्क सड़कों पर ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। एनएचएआई के अंतर्गत टकोली से कुल्लू के बीच दो जगह और कुल्लू से मनाली के बीच तीन स्थान बबेली, डोभी सहित तीन स्थानों पर ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। इन पर टू-लेन सपरेशन, रंबल स्ट्रिप और साइनेज लगाने का कार्य किया जा रहा है।
उपायुक्त ने पुलिस, राजस्व और लोक निर्माण विभाग को दुर्घटना स्थल पर संयुक्त रूप से रूप से निरीक्षण करने, संयुक्त रिपोर्ट बनाकर भेजने के भी निर्देश दिए। उन्होंने नदी के साथ के सभी रास्ते बंद करने के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों में ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और प्रेशर हॉर्न पर अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से निरीक्षण करने के आदेश दिए। ड्राइविंग लाइसेंस, वाहनों के अन्य दस्तावेजों का भी निरीक्षण करने को कहा।