कुल्लू में परियोजनाओं का क्रियान्वयन विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला में सचिव जल शक्ति, वित्त,योज
कुल्लू। जलशक्ति विभाग की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए अधिकारी व्यक्तिगत रूप से ध्यान दें जिससे लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिल सके। यह बात सचिव जल शक्ति, वित्त, योजना अर्थ एवं सांख्यिकी डॉ. अभिषेक जैन ने कुल्लू के मौहल में आयोजित एक कार्यशाला के दौरान बुधवार को कही। यह कार्यशाला जल शक्ति विभाग में डिजिटाइजेशन एवं बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं का क्रियान्वयन विषय पर आयोजित की गई।
कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य फील्ड स्तर के अधिकारियों के समक्ष बैठकर विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा करना है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला का के माध्यम से अधिकारियों के बीच सार्थक विचार विमर्श करके जमीनी स्तर की समस्याओं को समझने का प्रयास किया जा रहा है जिससे नीतिगत बदलाव करके विकास कार्यों को गति दी जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय समस्याओं को निपटाने के लिए अधिकारी अपनी शक्तियों का प्रयोग करें। उन्होंने यह भी आदेश दिए कि अधिकारी आधुनिक तकनीक का उपयोग करें और साथ में ई-ऑफिस प्रणाली का प्रयोग बढ़ाने के भी निर्देश दिए। डिजिटाइजेशन पर बल देते हुए कहा कि एसडीओ कार्यालय तक ई-ऑफिस प्रणाली को अपनाते हुए सभी स्कीमों का डाटा अंकित किया जाए। इस दौरान सभी वृत्त के कार्याें की प्रगति पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की गई। कार्यशाला में अतिरिक्त जिला उपायुक्त अश्वनी कुमार, मुख्य अभियंता ई. उपेंद्र वैद्य, मुख्य अभियंता (पीएमयू) ई. हेमंत तंवर सहित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।