पीएचसी में स्थायी एंबुलेंस तैनात, लंबे समय से चली आ रही परेशानी का समाधान
सर्दियों में पीएचसी से रेफर होने वाले मरीज अब वाहनों के लिए नहीं होंगे परेशान
विधायक बोलीं- स्थायी चिकित्सक की होगी तैनाती, अभी रोटेशन पर दे रहे सेवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। स्पीति घाटी के अत्यंत दुर्गम क्षेत्र लोसर में सर्दियों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लंबे समय से चली आ रही परेशानी का समाधान हो गया है।
विकट मौसम और बर्फबारी को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोसर में स्थायी एंबुलेंस तैनात की गई है। इससे रेफर मरीजों को आपात स्थिति में सीएचसी काजा तक समय पर पहुंचाया जा सकेगा। स्पीति घाटी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोसर से रेफर होने वाले मरीजों के लिए राहत की खबर है। अब पीएचसी से रेफर होने वाले मरीजों को वाहनों के लिए परेशान होना नहीं पड़ेगा।
विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि पिन घाटी की तरह लोसर पीएचसी में सर्दियों के दौरान विकट परिस्थितियों को देखते हुए स्थायी एंबुलेंस लोसर में भी तैनात रहेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यहां रोटेशन पर चिकित्सक और हेल्थ वर्कर सेवाएं दे रहे हैं। पीएचसी लोसर में जल्द स्थायी चिकित्सक की तैनाती होगी। विधायक ने कहा कि पीएचसी लोसर में एंबुलेंस सेवा का होना अनिवार्य है।
बता दें कि इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लोसर गांव के साथ क्यामो, चिचोंग, खोलक्सा और मोन्डक्सा गांवों के लोग स्वास्थ्य सेवा का लाभ लेते हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि खासकर बर्फबारी के बीच कोई बीमार पड़ जाए तो मरीज को लोसर पीएचसी से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) काजा पहुंचाने में वाहन सुविधा के अभाव में काफी परेशान होना पड़ता था। उन्होंने कहा कि अब विधायक ने एंबुलेंस की सुविधा देकर बड़ी राहत दी है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि पीएचसी में अब स्थायी चिकित्सक की तैनाती कर बड़ी राहत दी जाएगी।