सीएचसी में डेंटल सेवा शुरू होने से मरीजों की नहीं लगेगी 20 किलोमीटर की दौड़
विधायक गौड़ ने किया डेंटल चेयर का शुभारंभ, दंत चिकित्सक ने भी किया ज्वाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। अब दांतों के इलाज के लिए लोगों को पतलीकूहल से 20 किलोमीटर दूर कुल्लू नहीं जाना पड़ेगा।
कुल्लू-मनाली क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पतलीकूहल में डेंटल सुविधा हो गई है। मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने डेंटल चेयर का शुभारंभ किया। नई सुविधा शुरू होने से घाटी के लोगों को पहली बार घर के नजदीक दंत उपचार की आधुनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। दंत चिकित्सक ने भी अस्पताल में ज्वाइन कर लिया है। नग्गर खंड के बीडीसी चेयरमैन खेख राम ठाकुर के दांतों की जांच के साथ डेंटल डॉक्टर ने अपने कार्य को शुरू किया।
कुल्लू और मनाली के बीच स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में इसे एक अहम कदम माना जा रहा है। मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि लोगों को घर-द्वार उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कमी को जल्द पूरा किया जाएगा। पतलीकूहल अस्पताल का विस्तार किया जा रहा है। अस्पताल भवन के साथ अलग से गायनी वार्ड बनाने की भी योजना है जिससे गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों को उच्च स्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी। इस दौरान एसडीएम मनाली रमन शर्मा, बीएमओ नग्गर डॉक्टर कर्ण सिंह, सीएचसी पतलीकूहल इंचार्ज मोहित शर्मा, दंत चिकित्सक डॉक्टर रीना सिरोही, पंचायत समिति अध्यक्ष खेख राम ठाकुर, ग्राम पंचायत गाहर के प्रधान रोहित वत्स धामी, यूथ कांग्रेस मनाली अध्यक्ष मनीष ठाकुर आदि उपस्थित रहे।