एंटीनेटल और पोस्टनेटल केयर का लिया गया प्रशिक्षण
स्वास्थ्य संबंधी कार्ययोजना बनाने की जानी तकनीक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में 20 आशा कार्यकर्ताओं पर एक आशा सहयोगी कार्य कर रही है। यह आशा कार्यकर्ताओं का विशेष मार्गदर्शन करेंगी।
इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में स्वास्थ्य संबंधी कार्ययोजना बनाने और उसका क्रियान्वयन करने का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें 25 आशा सहयोगियों ने तीन दिन तक अस्पताल में आयोजित कार्यशाला में लोगों के स्वास्थ्य को जांचने के अलावा जच्चा-बच्चा की केयर, एंटीनेटल एवं पोस्टनेटल केयर और ब्रेस्टफीडिंग के अलावा पोषण युक्त भोजन और स्वच्छता के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभावों के बारे में भी जाना। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर कार्यशाला के समापन समारोह में मुख्यातिथि रहे। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आशा सहयोगी और आशा कार्यकर्ता लोगों के स्वास्थ्य को सुधारने में अहम भूमिका निभाती हैं। यह घर-द्वार जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच और निरीक्षण कर रही हैं। कार्यशाला में आशा सहयोगियों को आशा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करने की बारीकियां सिखाई गई हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को घर-द्वार तक पहुंचाने, लोगों को विशेष स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए भी प्रशिक्षित किया गया है जो उनके साथ आशा कार्यकर्ताओं और लोगों के लिए सहायक सिद्ध होगा।