कुल्लू-काजा, कुल्लू-किलाड, कुल्लू-उदयपुर के बीच भी शुरू होगी सेवा
सड़कें बंद होने के कारण मंडी से चलाई जा रही थीं लंबे रूटों की बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू/उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कुल्लू-मड़ी के बीच हाईवे कई स्थानों पर बाधित हो रहा था। इस वजह से परिवहन निगम की लंबे रूटों पर बस सेवा जिला मंडी से संचालित की जा रही थी।
अब यात्रियों की सुविधा के लिए निगम ने लंबे रूटों की सेवा अंतरराज्यीय बस अड्डा कुल्लू से शुरू कर दी है।
कुल्लू से केलांग, कुल्लू-काजा, कुल्लू-किलाड़ और कुल्लू से उदयपुर के बीच भी बसें दौड़ेंगी। गौर रहे कि निगम ने 22 सितंबर से लाहौल-कुल्लू के बीच कई रूटों पर बसें चलाने का निर्णय लिया है। केलांग डिपो का लेह-दिल्ली रूट कमाऊ पूत है। यह बस सेवा भी आपदा के बाद से बंद पड़ गई है। निगम की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक 22 सितंबर से कुल्लू-काजा, कुल्लू-किलाड़, कुल्लू-केलांग और लाहौल छोर से उदयपुर-कुल्लू, केलांग-कुल्लू, केलांग-उदयपुर के लिए बसें चलेंगी। केलांग से हरिद्वार और दिल्ली के लिए चलने वाली साधारण बस सेवा भी कुल्लू से ही चलेगी। वर्तमान में यह बस सेवा जिला मंडी से संचालित की जा रही थी।
उधर, एचआरटीसी के केलांग डिपो के अड्डा प्रभारी प्रकाश चंद ने बताया कि भारी बारिश के बाद जैसे-जैसे सड़कें बस चलाने योग्य हो रही हैं, यात्रियों की सुविधा के लिए एचआरटीसी बंद की गईं बस सेवाओं को बहाल कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन सभी मार्गों पर बसों का संचालन सड़क और मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा।