डोर टू डोर उठाया जा रहा कूड़ा, गंदगी फैलाने पर होगी कार्रवाई
सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त रखना नप का उद्देश्य
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। नगर परिषद का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखना है। इसी उद्देश्य के साथ सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त किया जा रहा है।
यह बात नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष मनोज लारजे ने पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि फुटपाथ क्षेत्र में किसी को अनधिकृत रेहड़ी-फड़ी नहीं लगाने दी जाएंगी।
नगर परिषद मनाली शहर को साफ-सुथरा रखने के हर संभव प्रयास कर रही है। हर वार्ड से कूड़े-कचरे को डोर टू डोर एकत्रित किया जा रहा है। सभी लोगों से आग्रह है कि वे कूड़े वाली गाड़ी में ही कूड़ा डालें। शहर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। अगर कोई व्यक्ति खुले में कूड़ा फेंकता है तो उस व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मकान मालिकों से भी आग्रह किया कि वे अपने किरायेदारों को कूड़ा कूड़े वाली गाड़ी में ही डालने के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जो कार्रवाई की जा रही है, वह नगर परिषद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त करने के साथ उनकी सुंदरता बनाए रखने के उद्देश्य से जा रही है। फुटपाथ खाली किए जा रहे हैं ताकि पर्यटक और स्थानीय लोग बिना दिक्कत घूम-फिर सकें। किसी भी व्यक्ति को बिना मतलब के तंग नहीं किया जा रहा है। शहर को साफ-सुथरा रखने के उद्देश्य से ही इस मुहिम को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने सभी से नगर परिषद मनाली का सहयोग करने की अपील की है।