अमर उजाला में प्रकाशित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नरोगी की खबर। -संवाद
प्राइमरी स्कूल नरोगी के विद्यार्थी होंगे शिफ्ट, मंदिर के प्रांगण में लग रहीं थी कक्षाएं
खंड शिक्षा अधिकारी के साथ उपनिदेशक ने स्कूल और चिह्नित भूमि का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राजकीय प्राथमिक विद्यालय नरोगी के विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं अब उच्च विद्यालय में लगेंगी।
साल 2023 में आई आपदा में विद्यालय का भवन क्षतिग्रस्त होने के बाद मंदिर के प्रांगण में विद्यार्थियों की कक्षाएं लग रहीं थीं लेकिन अब प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक के आदेशों के बाद विद्यार्थियाें को हाई स्कूल में शिफ्ट किया जाएगा। अब विद्यार्थी मंदिर की चौखट में नहीं, बल्कि उच्च विद्यालय नरोगी के परिसर में पढ़ेंगे।
गौर रहे कि अमर उजाला ने पहली से पांचवीं कक्षाओं तक के विद्यार्थियों की यह समस्या प्रमुखता से उठाई थी। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रारंभिक शिक्षा विभाग हरकत में आया है। गुणवत्ता शिक्षा एवं प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक ने स्वयं खंड शिक्षा अधिकारी के साथ प्राथमिक विद्यालय नरोगी का निरीक्षण किया। इसके अलावा नए विद्यालय के लिए अभिभावकों की ओर से चयनित भूमि का निरीक्षण भी किया। अभिभावकों ने बताया कि विद्यालय में 70 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं लेकिन भवन न होने से इन विद्यार्थियों को मंदिर की चौखट में पढ़ना पड़ता है। बारिश के दिनों में मजबूरन बच्चों की छुट्टी करवानी पड़ती है।
उधर, इस संबंध में गुणवत्ता शिक्षा एवं प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुनील दत्त ने कहा कि उन्होंने स्वयं मौके का निरीक्षण किया है। प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों की कक्षाएं अब उच्च विद्यालय में लगेंगी। इसके अलावा अभिभावकों ने जो जमीन विद्यालय भवन के लिए चयनित की है उसका संयुक्त निरीक्षण जिला प्रशासन, लोक निर्माण और राजस्व विभाग के साथ मिलकर जल्द किया जाएगा ताकि भवन निर्माण की औपचारिकताओं को निपटा कर कार्य आरंभ करवाया जा सके।
अमर उजाला में प्रकाशित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नरोगी की खबर। -संवाद