बंजार (कुल्लू)। राष्ट्रीय बाल विवाह निषेध अभियान के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय बंजार में महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में सोमवार को जागरूकता कार्यक्रम हुआ। विद्यार्थियों को बाल विवाह जैसी कुप्रथा के दुष्परिणामों से अवगत करवाया। साथ ही महिला सशक्तीकरण को लेकर जागरूक किया गया।
महिला प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. रेणुका थपलियाल ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति है, जिसे समाप्त करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिलाओं को शिक्षा और रोजगार के समान अवसर प्रदान किए बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने छात्राओं को अपने कॅरिअर पर विशेष ध्यान देने और आत्मनिर्भर बनकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर मेकिंग, भाषण और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में नीतिका शर्मा ने प्रथम, सुशीला ने द्वितीय और पल्लवी ने तृतीय स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में रिया शर्मा प्रथम, नोर्मा चौहान द्वितीय और उष्मा नेगी तृतीय रहीं। निबंध लेखन में उज्ज्वल पहले, पद्मा देवी दूसरे और ज्योति ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसा मौके पर डॉ. योगराज, डॉ. सुरेंद्र तथा प्रो. लता ठाकुर आदि उपस्थित रहे। संवाद